Articles by "जनसमस्या"
Showing posts with label जनसमस्या. Show all posts



राजस्थान के बारां जिले में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम के हाथों एक पुलिसवाला रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया. कोटा एसीबी की टीम ने अटरू थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक(एएसआई) बद्रीलाल बैरवा को 5000 रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

फरियादी अंता निवासी शफीकुर्रहमान उर्फ गुड्डू ने 12 अक्टूबर को कोटा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को इस बाबात शिकायत दी थी. शिकायतकर्ता के अनुसार अटरू में उसका प्लॉट है जिस पर कुछ लोगों ने कब्ज़ा कर रखा है और पुलिसवालें ये कब्ज़ा हटाने और दोनों पक्षों राजीनामा करने के लिए रिश्वत मांग रहे हैं.

इस शिकायत में अटरू थाने में तैनात एएसआई बद्रीलाल पर 10 हजार रूपए की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था. इस शिकायत पर कोटा एसीबी ने 13 अक्टूबर को फरियादी शफीकुर्रहमान से आरोपी बद्रीलाल को 5000 रूपए दिलवाकर सत्यापन कराया गया. इसके बाद कोटा एसीबी के पुलिस निरीक्षक रमेश आर्य की टीम ने मंगलवार को भ्रष्ट एएसआई बद्रीलाल को अटरू थाने में स्थित उसी के सरकारी आवास में शेष 5000 रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार एएसआई को फिलहाल हिरासत में रखा गया है और पूछताछ की जा रही है.
 रमेश आर्य, पुलिस निरीक्षक, कोटा एसीबी

कोटा में इस साल दिवाली बड़ा संदेश भी साथ लेकर आई है. जिले के उम्मेदगंज गांव की महिलाएं ससुराल में शौचालय नहीं होने के चलते मायके में दिवाली मनाएगी.

शौचालय नहीं होने से तंग महिलाओं ने सुसराल वालों के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद कर दिया. उनका कहना है कि पहले घर में शौचालय बनवाओ इसके बाद ही वो ससुराल में दिवाली का पर्व मनाएंगी, नहीं तो गांव की महिलाएं इस बार अपने-अपने मायके में त्योहार मनाएंगी.

गांव में शौचालय के लिए गांव की बहु मधु के साथ कई महिलाओं ने अपने सुसराल वालों के खिलाफ आंदोलन का आगाज कर दिया है. उनका कहना है कि शौचालय जल्द नहीं बनवाए तो दिवाली वो अपने मायके में जाकर मनाएंगी क्योंकि वहां शौचालय मौजूद है.

महिलाओं का कहना था कि शौचालय नहीं होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. अब बेटियां भी बड़ी हो गईं हैं, ऐसे में निजता की परेशानी के साथ-साथ असुरक्षा भी डराती रहती है, लेकिन कई बार मिन्नतें करने के बाद भी हालात नहीं सुधर रहे हैं, ऐसे में अब सुसराल वालों के खिलाफ यह भावनात्मक खिलाफत इस परेशानी से निजात दिलवा दे ऐसी उम्मीद कर रहे हैं.

ससुराल पक्ष के लोग अब बहुओं के इस आंदोलन के बाद अजीब सी कमशमश में हैं. ऐसा नहीं है कि गांव में सरकार का खुले में शौच मुक्ति अभियान नहीं पहुचा है, लेकिन उसकी धीमी रफ्तार ने इस साल की दिवाली पर परिवार वालों को घर में शौचालय जल्द बनवाने को मजबूर कर दिया है.

गांव के पुरुष कहते हैं कि गांव की महिलाओं ने दिवाली के मौके पर परिवारों के खिलाफ जो आंदोलन छेड़ा है वो फिलहाल परेशान करने वाला है, लेकिन इनकी परेशानियों को जानने के बाद भी अबतक निजात नहीं दिलवा पाए, उम्मीद है अब जल्द ही घरों में शौचालय भी बन जाएंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का ही यह असर है कि गांव की महिलाओं ने अब सालों से चली आ रही इस परेशानी के खिलाफ आवाज बुलंद की है. उम्मेदगंज गांव में शहरी क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद अबतक ओडीएफ होने का इंतजार कर रहा है, जबकि कोटा जिले की कुल 155 ग्राम पंचायतों में से अस्सी फीसदी ग्राम पंचायतें ओडीएफ घोषित हो चुकी हैं.
गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में 7 साल के स्टूडेंट प्रद्युम्न ठाकुर की गला रेतकर हत्या कर दी गई. आरोपी बस कंडक्टर अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है.

आरोपी ने अपना अपराध कुबूल करते हुए बताया कि वह चाकू साफ करने के लिए टॉयलेट गया था. वहां उसने बच्चे को देखा तो उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा. बच्चा डरकर चिल्लाने लगा तो उसने चाकू से उसका गला रेत दिया और उसे वहीं छोड़कर वहां से भाग गया.

कंडक्टर ने कहा, "मैं चाकू साफ करने टॉयलेट गया था. बच्चे को देखा तो बुद्धि भ्रष्ट हो गई. मुझे अफसोस है. मैं हर सजा के लिए तैयार हूं."

स्कूल परिसर में बच्चे की हत्या के बाद स्कूल प्रबंधन सवालों के घेरे में आ गया है. वहां पढ़ने वाले बच्चों के पेरेंट्स में अपनी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल हैं. वे घबराए हुए हैं कि इतनी बड़ी घटना के बाद वे कैसे अपने बच्चों को स्कूल जाने दे सकते हैं.

बच्चे की हत्या के बाद उठ रहे ये सवालः
> पहला सवाल यह कि स्कूल में चाकू कैसे आया. किसी को भी चाहे वह कंडक्टर हो या टीचर, उसे स्कूल परिसर के अंदर चाकू लाने की इजाजत कैसे दी जा सकती है?

> दूसरा सवाल यह कि बच्चों के टॉयलेट कंडक्टर क्या कर रहा था? वह स्टाफ टॉयलेट में क्यों नहीं गया? या क्या स्टाफ के लिए अलग टॉयलेट नहीं है? पेरेंट्स का कहना है कि जब उन्हें स्कूल परिसर के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जाती तो कंडक्टर को स्कूल बिल्डिंग में घुसने की इजाजत कैसे दी गई.

> तीसरा और महत्वपूर्ण सवाल यह कि रायन इंटरनेशनल स्कूल एक बड़ा स्कूल ग्रुप है. देशभर में उसकी 300 से ज्यादा शाखाएं हैं. स्कूल की फीस हजारों में है, ऐसे में स्कूल बिल्डिंग का सीसीटीवी कैमरा खराब कैसे था? खराब था तो ठीक क्यों नहीं करवाया गया?


देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश और जलभराव की समस्याओं के बीच तीन मंजिला इमारत गिर गई है. डोंगरी के जेजे फ्लाई ओवर के पास ये हादसा हुआ है. मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
अपडेट्स
हादसे में 2 की मौत हो गई है जबकि 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं.
-अब तक मलबे से 8 लोगों को बचाया गया है.
-एनडीआरएफ टीम घटना स्थल पर पहुंची.
- मलबे में 35 लोगों के फंसे होने की आशंका.
-राहत और बचाव कार्य जारी है.
-सुबह 8.30 बजे हुआ हादसा.
-बताया जा रहा है कि इस जर्जर इमारत में दो-तीन परिवार रह रहे थे.
-फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर हैं. स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव के काम में एजेंसियों की मदद कर रहे हैं.

मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में तीन दिन से भारी बारिश हो रही है. इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई इलाकों में पानी जमा हो गया है, जिसके कारण वहां ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति है. मुंबई में बारिश की वजह से कई लोकल ट्रेन को भी कैंसिल कर दिया गया है.

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में भारी बारिश की आशंका जताई है. लोगों को चेतावनी दी गई है कि बहुत जरूरत होने पर ही वे घर से निकलें. बारिश की वजह से हवाई सेवा भी बाधित हुई और कई फ्लाइट्स लेट हैं. इस चेतावनी के बाद बीएमसी ने कहा है कि वह हर स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार है.

मुम्बई में जारी तेज बरसात के चलते वेस्टर्न रेलवे की सेवा बाधित हुई है. लगातार जारी बरसात के चलते बांद्रा स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर पानी का जलजमाव इतना है कि ट्रैक लगभग नजरों से ओझल ही हैं. ऐसे में वेस्टर्न रेलवे की ज्यादातर ट्रेने कतारों में खड़ी हैं.



इन ट्रेनों को बारी-बारी उन रूट्स पर डाइवर्ट किया जा रहा जिनपर अबतक जलजमाव नहीं हुआ है. लेकिन अगर इसी तरह बरसात जारी रही तो मुंबईकरों को शाम तक और मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है.


View image on TwitterView image on TwitterView image on Twitter
Mumbai: Movement of trains affected after heavy rain fall; visuals from Bandra Railway Station 


प्रशासन ने हालात से बचने के लिए एनडीआरएफ को मौके पर भेजा है. इसके साथ ही कई इलाकों में दूसरे राहत कार्य जारी हैं. गणेश उत्सव के लिए सजे कई पंडालों में सुरक्षा कारणों से बिजली भी काट दी गई है.


लगातार हो रही बारिश से सायन, दादर, मुंबई सेंट्रल, कुर्ला, अंधेरी, साकीनाका में पानी जमा हो गया है. इसक वजह से वहां ट्रैफिक काफी धीमे है. हालांकि, किसी भी तरह की बड़ी जाम की शिकायत अभी तक सामने नहीं आई है. मुंबई सीटी के मौसम स्टेशन ने 30.92 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं पूर्वी और पश्चिमी इलाके में 15.56 और 12.42 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया. हवाई सर्वे के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मोदी के साथ रहे. पीएम मोदी ने बिहार के लिए 500 करोड़ रुपए के राहत पैकेज का ऐलान किया है. इससे पहले जब पीएम मोदी पूर्णिया पहुंचे थे, तो नीतीश और सुशील मोदी ने उनका स्वागत किया था. आपको बता दें कि अभी तक बिहार में बाढ़ की वजह से 418 लोगों की मौत हो गई है.
ये रहेगा मोदी का कार्यक्रम
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री पटना आएंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सरकार के मंत्रियों के साथ बाढ़ के हालात को लेकर चर्चा करेंगे. इस मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास, एक, अणे मार्ग जाएंगे. जहां नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे. भोज के बाद प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली वापस लौट जाएंगे.

'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत अब खुले में शौच करना लोगों के लिए धीरे-धीरे परेशानी का कारण बनता जा रहा है. राजस्थान के भीलवाड़ा में खुले में शौच करने और घर में शौचालय नहीं बनवाने पर जिला प्रशासन सख्ती अपना रहा है. जहाजपुर जिला प्रशासन ने गांव गांगीथला में घर में शौचालय नहीं होने पर बिजली कनेक्शन काटने के आदेश दे दिए हैं.
इस संबंध में पत्र लिखकर आदेश दिया गया है कि गांगीथला में सिर्फ 19 प्रतिशत ही शौचालय हैं, और अधिकतर ग्रामीण खुले में ही शौच जाते हैं. बार-बार समझाने पर भी ग्रामीण शौचालय का निर्माण नहीं करवा रहे हैं. गांववालों को घर में शौचालय बनवाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है. इसके बाद खुले में शौच करने पर बिजली कनेक्शन काट दिए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है.
इससे पहले राजस्थान के फैमिली कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देते हुए घर में टॉयलेट नहीं होने को क्रूरता मानते हुए एक महिला की तलाक की याचिका मंजूर कर ली थी. भीलवाड़ा के फैमिली कोर्ट में एक महिला ने याचिका दी कि ससुराल में शौचालय नहीं होने की वजह से वह पीहर (पिता का घर) में रह रही है. बार-बार कहने पर भी उसके पति और ससुराल वाले घर में शौचालय नहीं बनवा रहे हैं. महिला की याचिका को मंजूर करते हुए जज राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि यह तो महिला के प्रति क्रूरता है और सामाजिक कलंक है.
कोर्ट ने फैसले में कहा था कि क्या कभी यह दर्द हुआ कि घर की मां-बहनों को खुले में शौच जाना पड़ता है. ग्रामीण महिलाएं शौच के लिए रात की प्रतिक्षा करती हैं. तब तक वह बाहर नहीं जा सकती है. किसी ने यह महसूस किया कि कैसी उनकी शारीरिक और मानसिक पीड़ा होती होगी. ऐसे दौर में खुले में शौच की कुप्रथा समाज पर कलंक है. शराब, तंबाकू पर बेहिसाब खर्च करने वालों के घर शौचालय न होना विडंबना है.
यूपी के खतौली में शनिवार शाम बड़ा रेल हादसा हुआ. ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे के बाद शुरुआती जांच में सिस्टम की घोर लापरवाही सामने आ रही है. इस बीच हादसे से जुड़ा एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जो रेलवे प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है.

इस ऑडियो में दो लोग मोबाइल फोन पर बात कर रहे हैं. इनमें एक शख्स की बातों से ये साबित हो रहा है कि वो पटरी पर काम कर रहे कर्मचारियों में से एक है. ये शख्स फोन पर बता रहा है कि पटरी पर काम चल रहा था. लाइन का एक टुकड़ा काटकर उसे दूसरे से जोड़ना था. ये टुकड़ा वहां रख तो दिया गया, मगर किसी ब्लॉक या बोल्ट से जोड़ा नहीं गया. ये शख्स बता रहा है कि लाइन को फिक्स करने के लिए एक तरफ ब्लॉक लाने के लिए मना कर दिया गया, मगर उस टुकड़े को बोल्ट से भी नहीं जोड़ा गया.

फोन पर बात करते हुए इस व्यक्ति ने आगे बताया कि लाइन जोड़ी नहीं गई. न ही वहां कोई झंडा लगाया गया. इसके बाद ट्रेन आने का टाइम हो गया. वो बता रहा है कि वहां मौजूद लोग भाग गए और वेल्डिंग मशीन भी लाइन पर भी छोड़ गए.

'काम नहीं करते कर्मचारी'

खुद को रेलवे कर्मचारी बताने वाला ये व्यक्ति मोबाइल पर बातचीत में आगे बता रहा है कि पटरी पर काम करने वाले ज्यादातर कर्मचारी लापरवाही बरतते हैं. उसका आरोप है कि कर्मचारी साइट पर आते हैं और बैठे रहते हैं. इतना ही नहीं इस शख्स का ये भी कहना है कि हाल ही में नए जेई आए हैं, जिन्हें कामकाज की ज्यादा समझ नहीं है और पुराने कर्मचारी उनकी बात न मानकर मनमानी करते हैं.

यानी जो लापरवाही की बात शुरुआती जांच में सामने आ रही है, इस व्यक्ति के दावे उसे मजबूती दे रहे हैं. हालांकि, इस ऑडियो क्लिप की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

बता दें कि जिस पटरी से कलिंग-उत्कल ट्रेन को गुजरना था, उस पर काम चल रहा था. ट्रेन को धीमी गति से गुजारने के आदेश थे, लेकिन सिग्नल गड़बड़ होने से ड्राइवर को सूचना नहीं मिली और ट्रेन 100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चलती रही, जिस वजह से पटरी उखड़ गई.

पटरी से ज्यादातर ट्रेन के बीच के डिब्बे उतरे. इंजन और पहले 2 डिब्बे निकल चुके थे. इस दौरान ड्राइवर इमरजेंसी ब्रेक भी नहीं लगा सका, क्योंकि पूरा सिस्टम ऑटोमैटिक होता है. आगे और पीछे के डिब्बे नहीं पलटे, बीच के डिब्बे पलटे हैं. वहां जो काम कर रहे थे बाद में वो भी भाग गए.
यूपी के मुजफ्फरनगर में शनिवार शाम हुए भीषण ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है. हादसे में करीब 150 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. इनमें से 26 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं, वहीं बाकी लोगों को हल्की चोटें आई हैं. फिलहाल, पुलिस-प्रशासन का अमला मौके पर मौजूद है. राहत-बचाव का काम जारी है.
इस रेल हादसे के पीछे बड़ी लापरवाही की भी बात सामने आ रही है. घटनास्थल के पास पटरियां कटी हुई हैं और वहां से हथौड़े, रिंच और अन्य औजार मिले हैं. बताया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर के खतौली में ट्रैक पर मरम्मत का काम चल रहा था. ऐसे में फिर सवाल उठ रहा है कि ट्रेन को उक्त ट्रैक पर जाने क्यों दिया गया?
ये हादसा शनिवार शाम 5 बजकर 46 मिनट पर हुआ. ट्रेन संख्या 18477 कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस पुरी से हरिद्वार की तरफ जा रही थी. इसी दौरान मुजफ्फरनगर के खतौली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के 14 डिब्बे पटरी से उतर गए. पटरी से उतरे डिब्बे ट्रैक के पास बने मकानों और स्कूल इमारत में घुस गए.
डिब्बे काटकर निकाले गए यात्री
पटरी से उतरने के बाद रेल के कई कोच एक दूसरे में घुस गए. कई डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए. इन डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर से डिब्बे काटे गए. वहीं डिब्बों को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया. घटना के बाद मेरठ, अंबाला, सहारनपुर ट्रैक को बंद कर दिया गया है.
मौके पर एटीएस टीम
हादसे के बाद शनिवार रात ही यूपी एटीएस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. एटीएस सूत्रों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया हादसे के पीछे टेरर एंगल नजर नहीं आ रहा है. हालांकि, अभी मामले की जांच की जा रही है.
ट्रैक मरम्मत का काम जारी
एक तरफ जहां राहत-बचाव का काम जारी है, वहीं दूसरी ओर रेल ट्रैक की मरम्मत भी की जा रही है. बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटों में ट्रैक सुचारू रूप से चालू होने की उम्मीद है.
यात्रियों को हरिद्वार पहुंचाया गया
ट्रेन हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने पहले डिब्बों को हटाया. साथ ही डिब्बों में फंसे लोगों को भी निकालने का काम किया गया. इसके अलावा सुरक्षति डिब्बों समेत दूसरे सभी हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को बस के जरिए हरिद्वार पहुंचाया गया. यात्रियों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए 11 बसों का इस्तेमाल किया गया. हरिद्वार पहुंचने वाले यात्रियों में कुछ घायल भी थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
PM मोदी ने घटना पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खतौली रेल हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि रेल मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. यूपी सरकार और रेल मंत्रालय सभी जरूरी मदद मुहैया कराने में जुटे हैं. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
मुआवजे की घोषणा
हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मारे गए लोगों के लिए 5 लाख और रेल मंत्रालय ने 3.5 लाख के मुआवजे की का ऐलान किया है. वहीं घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा.
ये ट्रेन हुईं रद्द
इस हादसे के बाद खतौली ट्रैक से गुजरने वाली कई ट्रेन रद्द कर दी गई हैं. ट्रेन नंबर 14521/14522 अंबाला से दिल्ली आने वाली ये ट्रेन रद्द कर दी गई है. ट्रेन नंबर 18478हरिद्वार से पुरी जाने वाली कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस रद्द कर दी गई है. ट्रेन नंबर 14682ये ट्रेन जालंधर से नई दिल्ली आती है, जिसे रद्द कर दिया है.
इन ट्रेनों का रूट हुआ डायवर्ट
-अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 18238 अब नए रूट के तहत अंबाला-पानीपत-नई दिल्ली-हजरत निजामुद्दीन होते हुए जाएगी.
-अमृतसर से मुंबई सेंट्रल जाने वाली गोल्डन टेंपल मेल अब अंबाला होते हुए पानीपत-नई दिल्ली-हजरत निजमामुद्दीन होते हुए जाएगी.
-ट्रेन संख्या 14646 जम्मू तवी-दिल्ली शालीमार एक्सप्रेस भी अंबाला और पानीपत से होते हुए दिल्ली पहुंचेगी.
-इनके अलावा अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर-19326), कटरा-आनंद विहार (ट्रेन नंबर-04402) इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर-24155) भी अंबाला-पानीपत से होकर गंतव्य तक पहुंचेगी.